Newsझारखण्डसरायकेला

धान अधिप्राप्ति हेतु पंजीकरण प्रक्रिया शुरू, रोजाना उमड़ रही किसानों की भीड़ , राजनगर में दो दिनों में 150 किसानों का पंजीयन पूरा

 

 

राजनगर प्रखंड के कृषि तकनीकी सूचना केंद्र (आत्मा) में धान अधिप्राप्ति के लिए किसानों का पंजीकरण कार्य बुधवार से शुरू हो गया। पंजीकरण के दूसरे दिन गुरुवार को भी बड़ी संख्या में किसान केंद्र पहुँचे, जिससे परिसर पूरे दिन किसानों की भीड़ से भरा रहा।

 

कृषि तकनीकी प्रबंधक जीत वाहन मुर्मू ने बताया कि जिला से प्राप्त निर्देश के अनुसार राजनगर प्रखंड में कुल 1500 किसानों का पंजीकरण किया जाना है। इसके लिए बुधवार से विशेष पंजीयन अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 150 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है।

 

प्रबंधक मांझी ने कहा कि जिन किसानों का पंजीयन पूर्ण हो गया है, वे अपना धान सीधे अधिप्राप्ति केंद्र में जमा करें। धान जमा करने के महज दो दिनों के भीतर किसानों के बैंक खातों में मूल्य की राशि भेज दी जाएगी। इस वर्ष सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य ₹2400 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

 

उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि बिचौलियों के हाथों धान बेचने पर किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पाता। इसलिए सभी किसान अपने धान को सरकारी अधिप्राप्ति केंद्र में ही जमा कर सही और लाभकारी मूल्य प्राप्त करें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *