धलभूमगढ़ में कुष्ठ रोग खोज अभियान के तहत नि:शुल्क चर्मरोग जांच शिविर
चार नए मरीजों की हुई पहचान, एमडीटी दवा नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई
जमशेदपुर। सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशन में शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धलभूमगढ़ में कुष्ठ रोग खोज अभियान के तहत नि:शुल्क चर्मरोग जांच शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कुष्ठ रोग खोज अभियान पखवाड़ा (10 से 26 नवंबर 2025) के अंतर्गत आयोजित किया गया।


शिविर का निरीक्षण जिला आरसीएच पदाधिकारी सह जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा एवं जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने किया।
डॉ. पांडा ने कहा कि कुष्ठ रोग की जल्द पहचान और समय पर उपचार से दिव्यांगता से बचाव संभव है। उन्होंने लोगों से लक्षण दिखते ही चिकित्सीय सलाह लेने की अपील की।
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव ने बताया कि शरीर पर किसी भी प्रकार का दाग तथा उस दाग में सुनापन कुष्ठ रोग का संकेत हो सकता है। यह एक बैक्टीरिया जनित रोग है, जिसका उपचार सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान डेमियन फाउंडेशन के प्रतिनिधि दुर्योधन बागती ने प्रतिभागियों को सेल्फ-केयर के महत्व और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की उपयोगिता के बारे में जागरूक किया। उन्होंने सहियाओं को कुष्ठ विभाग द्वारा दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि की भी जानकारी दी।
शिविर में सहियाओं द्वारा खोजे गए 53 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 4 नए कुष्ठ मरीजों की पुष्टि हुई। सभी पुष्ट मरीजों को निःशुल्क एमडीटी दवा उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोपीनाथ महाली, प्रखंड लेखा प्रबंधक गोपीनाथ दास, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अभय कुमार सिंह, एमपीडब्ल्यू प्रबीर कुमार मंडल, तथा डेमियन फाउंडेशन के दुर्योधन बागती एवं संजय चटर्जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


