धनबाद के बाघमारा में अवैध खनन से बड़ा हादसा, केसरगढ़ में 15 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई के फंसे होने की आशंका
धनबाद, :- झारखंड के धनबाद जिले अंतर्गत बाघमारा के केसरगढ़ इलाके में अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। देर रात एक अवैध खदान की चाल धंसने से अब तक 15 मजदूरों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 30 मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया है, वहीं अवैध मुहाने को आनन-फानन में बंद कर देने की खबर भी सामने आ रही है।


स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अवैध खनन का यह संचालन कोयला माफियाओं – चुनचुन, पिंटू और डब्ल्यू – के संरक्षण में चल रहा था। हादसे के बाद शवों को बाहर निकालने के बजाय कथित रूप से उन्हें छिपाने की कोशिश की जा रही है। इससे लोगों में आक्रोश है और जिला प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव है। स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और अवैध खनन के मुख्य गुनहगार अब भी खुले घूम रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि बंद किए गए अवैध मुहाने को तुरंत खोला जाए, फंसे हुए मजदूरों के शवों को बाहर लाया जाए और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन की चुप्पी और निष्क्रियता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं – कि आखिर और कितनी जानें जाने के बाद कार्रवाई होगी? क्या माफियाओं के सामने सरकार और तंत्र पूरी तरह लाचार हो चुका है?
घटना को लेकर पूरे झारखंड में शोक और आक्रोश की लहर फैल रही है। यह हादसा न केवल प्रशासन की विफलता को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि झारखंड में अवैध खनन अब भी जानलेवा रूप में जारी है।
फिलहाल, किसी भी अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राहत और बचाव कार्य की कोई पुख्ता जानकारी भी अब तक नहीं दी गई है।

