धनबाद को बड़ी उपलब्धि: राज सिन्हा बने 2025 के उत्कृष्ट विधायक
धनबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक राज सिन्हा को वर्ष 2025 का भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया है। बुधवार दोपहर 12:30 बजे विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो के कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से राज सिन्हा को पहली पसंद बनाते हुए चयनित किया गया।


बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष ने की, जबकि समिति में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, स्टीफन मरांडी, रामचंद्र सिंह, नवीन जायसवाल, पत्रकार दीर्घा समिति के संयोजक आनंद मोहन तथा प्रभारी सचिव माणिक लाल हेम्ब्रम शामिल थे। समिति ने विधायक के साथ-साथ छह उत्कृष्ट विधानसभा कर्मियों का भी चयन किया है, जिन्हें स्व. कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
चयनित कर्मियों में संयुक्त सचिव संतोष कुमार सिंह, प्रशाखा पदाधिकारी नीलम कुजूर, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी मो. शाहिद हैदर, पर्यवेक्षक उद्यान राकेश कुमार सिंह, तथा अनुसेवक मन्नू राम और रवीन्द्र पाल शामिल हैं।
पुरस्कार वितरण समारोह 22 नवंबर 2025 को विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होगा। राज्यपाल राज सिन्हा को प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो और 51,000 रुपये की सम्मान राशि देंगे, जबकि उत्कृष्ट कर्मियों को मुख्यमंत्री के हाथों 21,000 रुपये सहित सम्मान प्रदान किया जाएगा।

