धनबाद मंडल कारा का औचक निरीक्षण, न्यायाधीश ने जेल मैनुअल के तहत बंदियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया
धनबाद: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा वीरेंद्र कुमार तिवारी के निर्देश पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विकेश ने रविवार को धनबाद मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान न्यायाधीश के नेतृत्व में लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) टीम ने जेल की व्यवस्थाओं का पूरी तरह से मुआयना किया।


टीम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, महिला वार्ड, अस्पताल वार्ड, रसोई घर, व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र और ध्यान-सह योग केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य, खानपान, पेयजल और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। बंदियों से उनके स्वास्थ्य, इलाज, भोजन, नाश्ता, मुकदमों में पैरवी के लिए अधिवक्ता की उपलब्धता समेत अन्य समस्याओं के बारे में बातचीत की गई।
जेल प्रशासन को निर्देश दिया गया कि बंदियों को जेल मैनुअल के तहत सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। न्यायाधीश ने यह भी कहा कि चिकित्सा सुविधा, पुस्तकालय और व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र जैसी व्यवस्थाएं दुरुस्त होनी चाहिए।
निरीक्षण में जेल के डॉक्टर राजीव कुमार सिंह, एलएडीसीएस चीफ कुमार विमलेंदु, डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट, सहायक काउंसिल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। न्यायालय ने जेल प्रशासन को सुधारात्मक कदम उठाने और बंदियों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

