Newsझारखण्ड

धनबाद स्टेशन पर हंगामा: कंटेनर ट्रेन के ऊपर चढ़ा मिला युवक, घंटों ड्रामा

धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो के बीच लूप लाइन में खड़ी कंटेनर ट्रेन के ऊपर एक युवक चढ़ा हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनज़र लूप लाइन के ओवरहेड तारों की पावर सप्लाई तुरंत बंद कर दी।

 

इसके बाद आरपीएफ और रेल कर्मचारियों की टीम युवक को नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। कर्मचारियों ने कंटेनर के सहारे सीढ़ी लगाई, लेकिन युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं था। वह कंटेनर की छत पर बैठकर मोबाइल चला रहा था और सीढ़ी को बार-बार हटाता रहा। कई मिनट की मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद उसे किसी तरह नीचे उतारा गया।

 

नीचे लाने के दौरान सीढ़ी उसके सिर पर लग गई, जिससे वह घायल हो गया और खून बहने लगा। बाद में उसे प्लेटफॉर्म संख्या एक पर लाया गया, जहां आरपीएफ ने उससे नाम-पता पूछने की कोशिश की, लेकिन युवक ने कोई पहचान बताने से इंकार कर दिया।

 

प्लेटफॉर्म पर लाने के बाद भी उसने हंगामा किया। वह अचानक जमीन पर सिर पटकने लगा, जिससे उसकी चोट और गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे तुरंत अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। माना जा रहा है कि युवक पहले से ही कंटेनर के ऊपर सवार होकर स्टेशन पहुंचा था और भीड़ की नजर पड़ते ही मामला सामने आया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *