डिमना डैम विस्थापितों ने कपूर बागी को दी श्रद्धांजलि
पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड के लायलोम ग्राम सभा भवन में डिमना डैम विस्थापितों ने झारखंड के वरिष्ठ जन आंदोलनकारी स्व. कपूर बागी की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने कहा कि कपूर बागी ने झारखंड मुक्ति वाहिनी के बैनर तले डिमना डैम विस्थापितों की आवाज़ को टाटा कंपनी और सरकार तक पहुँचाने का अहम कार्य किया था।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल, जमीन की लड़ाई में कपूर बागी की भूमिका अमूल्य थी। वे तीन दिनों तक विस्थापितों के साथ जल सत्याग्रह में भी शामिल रहे। कपूर बागी न केवल झारखंड आंदोलन के एक मजबूत स्तंभ थे, बल्कि वे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री के भाई होते हुए भी एक साधारण जन नेता के रूप में जीवन जीते रहे।
सभा के अंत में उपस्थित जनों ने कपूर बागी के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। डिमना डैम विस्थापितों ने यह स्पष्ट किया कि वे जल-जंगल-जमीन की रक्षा तथा पुनर्वास एवं अधिकारों की लड़ाई को तब तक जारी रखेंगे, जब तक न्याय नहीं मिलता।