दुलमी में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
ईचागढ़: अनुमंडल क्षेत्र के दुलमी में बुधवार को नव युवक संघ एवं बिनापाणी ट्यूटोरियल की ओर से “शिक्षक सम्मान सह पुरस्कार वितरण समारोह” का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह कार्यक्रम समर्पित था समाज को दिशा दिखाने वाले हमारे आदरणीय शिक्षकों एवं गुरुजनों को।कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन ओड़िया पंचायत की मुखिया श्रीमती सुनीता सिंह मुंडा ने फीता काट कर किया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई शिक्षकों को उनके शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ एक लिखित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।लिखित क्विज प्रतियोगिता में टॉप 10 को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त भी कई आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए, जिससे बच्चों और युवाओं में उत्साह का संचार हुआ।


कार्यक्रम को सफल बनाने में नव युवक संघ, बिनापाणी ट्यूटोरियल और स्थानीय ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। समापन पर सभी अतिथियों ने एक स्वर में शिक्षा के महत्व और शिक्षकों के सम्मान पर जोर दिया। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि पहाड़सिंह मुंडा , नवयुवक संघ के अध्यक्ष बुद्धदेव बनर्जी, बिनापनी ट्यूटोरियल के सनातन गोस्वामी जी, मंगल दास, रवि लायक, शिक्षक श्री त्रिलोचन कुमार,महिपाल महतो, मिलन बनर्जी,आदि शिक्षक गण एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।


