डुमरी अनुमंडल परिसर में जनता दरबार, विधायक जयराम महतो ने सुनी लोगों की समस्याएं
डुमरी अनुमंडल परिसर में मंगलवार को विधायक जयराम महतो ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों और गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।


जनता दरबार में भूमि विवाद, बिजली आपूर्ति में बाधा, पेयजल संकट, सड़क मरम्मत, पेंशन एवं राशन कार्ड से जुड़ी कई समस्याओं को लोगों ने विस्तार से बताया। विधायक ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान की पहल की, जबकि कुछ मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे की कार्यवाही के लिए दर्ज कराया।
विधायक जयराम महतो ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य है—जनता की परेशानी को सीधे सुनना और उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं पर लापरवाही न बरती जाए और तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए।

