डुमरी विधायक जयराम महतो ने की कराटे खिलाड़ी काजल की मदद, राष्ट्रीय चैंपियनशिप में करेगी हिस्सा
डुमरी प्रखंड के योगीडीह गांव की कराटे चैंपियन काजल कुमारी के चेहरे पर अब मुस्कान लौट आई है। आर्थिक तंगी के कारण वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए जरूरी कराटे किट नहीं खरीद पा रही थी। जब उसने अपनी समस्या डुमरी विधायक जयराम महतो को बताई, तो विधायक ने तुरंत आगे बढ़कर मदद का हाथ बढ़ाया। जयराम महतो ने अपने निजी वेतन से काजल के लिए कराटे किट खरीदने हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की।


अब काजल आगामी 28 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी। विधायक ने कहा कि काजल जैसे प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए ताकि वे झारखंड और देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार से आने वाली काजल की लगन और मेहनत प्रेरणादायक है।
जयराम महतो ने भावुक होते हुए कहा कि जब भी किसी संघर्षरत बच्चे को देखता हूँ, तो अपना बचपन याद आ जाता है। ऐसे बच्चों के साथ भाई बनकर खड़ा रहना मेरा संकल्प है। उन्होंने काजल को शुभकामनाएँ देते हुए उम्मीद जताई कि वह गोल्ड मेडल जीतकर झारखंड का गौरव बढ़ाएगी।

