झारखण्ड

दुर्दूरा जंगल में नक्सली–सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़, 10 नक्सलियों के मारे जाने की चर्चा

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहदा–कुमडीह गांव के बीच स्थित दुर्दूरा जंगल में गुरुवार, 22 जनवरी की सुबह नक्सलियों और सीआरपीएफ–पुलिस की संयुक्त टीम के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। 

 

सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई गोलीबारी कई घंटों तक चलती रही, जिससे पूरा इलाका दहल उठा।

 

ग्रामीणों के अनुसार, दुर्दूरा जंगल से एके-47, इंसास सहित अन्य ऑटोमैटिक हथियारों से लगातार फायरिंग की आवाजें सुनाई देती रहीं। गोलीबारी की आवाजें कई किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ीं। इससे स्पष्ट हो गया कि जंगल के भीतर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ चल रही है।

 

मुठभेड़ को लेकर इलाके में यह चर्चा तेज है कि इस ऑपरेशन में करीब 10 नक्सली मारे गए हैं। हालांकि, पुलिस और सीआरपीएफ की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि लंबे समय तक चली फायरिंग के बाद नक्सलियों की गतिविधियां पूरी तरह थम गईं, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

 

सूत्रों के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में एक कुख्यात टॉप कमांडर भी शामिल हो सकता है, जिस पर करीब 50 लाख रुपये का इनाम घोषित था। यह नक्सली कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में संगठन का अहम रणनीतिकार माना जाता था और कई बड़ी नक्सली घटनाओं में उसकी भूमिका बताई जा रही है। इस संबंध में भी सुरक्षाबलों की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।

 

बताया गया है कि यह पूरा ऑपरेशन खुफिया सूचना के आधार पर चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि दुर्दूरा जंगल में 20 से 25 हथियारबंद नक्सली लंबे समय से डेरा जमाए हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसी इनपुट पर सीआरपीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके दौरान यह मुठभेड़ हुई।

 

फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है और पूरे क्षेत्र में अलर्ट घोषित किया गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *