द्वितीय नथमल सिंघानिया जिला अंडर -16 क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26
सिंहभूम फाईटर्स ने टर्मिनेटर्स को हराया


चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे द्वितीय नथमल सिंघानिया जिला अंडर -16 प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए मैच में सिंहभूम फाईटर्स की टीम ने सिंहभूम टर्मिनेटर्स को 37 रनों से पराजित किया। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंहभूम फाईटर्स की टीम ने निर्धारित तीस ओवर में पाँच विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए। जिशान अहमद ने दस चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 83 रन तथा अभिनव सिंह ने तेरह चौके की मदद से 65 रनों की शानदार पारी खेली। बाद के बल्लेबाजों में चंदन प्रसाद ने 18 तथा मनीष मंडल ने नाबाद 14 रनों का योगदान दिया। टर्मिनेटर्स की ओर से नितीश कुमार ने 40 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अर्पण मुकुट बालमुचू तथा सोहम मैती को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंहभूम टर्मिनेटर्स की पूरी टीम 27.5 ओवर में 183 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम की ओर से एकमात्र सफल बल्लेबाज सिद्धार्थ जयसवाल रहा जिसने तेरह चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 96 रन बनाए और मात्र चार रन के अंतर से शतक बनाने से चूक गया। अन्य बल्लेबाजों में प्रशांत कुमार गोप ने 21 तथा रोहन जयसवाल ने 18 रन जोड़े। सिंहभूम फाईटर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए सौम्यदीप राठौड़ ने मात्र 16 रन देकर चार खिलाड़ियों को चलता किया। चंदन प्रसाद ने 24 रन देकर तीन तथा अभिनव सिंह ने 45 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सिंहभूम फाईटर्स के अभिनव सिंह को उसके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। ये पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के सदस्य सह महिला चयन समिति के चयनकर्ता गुरमीत सिंह ने प्रदान की।

