द्वितीय नथमल सिंघानिया जिला अंडर -16 क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26
रोमांचक मुकाबले में सिंहभूम टर्मिनेटर्स ने सिंहभूम ब्लास्टर्स को हराया


चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सुशील कुमार सिंघानिया द्वारा प्रायोजित नथमल सिंघानिया जिला अंडर -16 क्रिकेट प्रतियोगिता के पाँचवें लीग मैच में सिंहभूम टर्मिनेटर्स की टीम ने सिंहभूम ब्लास्टर्स को मैच के आखरी ओवर में एक गेंद शेष रहते पाँच विकेट से पराजित कर जीत का खाता खोला। हलांकि आज की जीत के बाद भी टर्मिनेटर्स के फाईनल में पहूँचने की संभावना कम ही है।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंहभूम ब्लास्टर्स की टीम ने निर्धारित तीस ओवर में छः विकेट के नुकसान पर 191 रनों का स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करने आए गगन विक्रांत टोपनो ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आठ चौके की सहायता से 61 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में शिवम लाल विश्वकर्मा ने नाबाद 36, तुलव्या वर्मा ने 24, कप्तान वासुदेव सुन्डी ने 11 तथा विकेटकीपर बल्लेबाज आमीर परवेज ने 10 रनों का योगदान दिया। टर्मिनेटर्स की ओर से युवराज सिंह ने 17 रन देकर दो तथा नितीश कुमार ने 55 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वैभव सेनगुप्ता एवं मो० इरफान को एक-एक सफलता हाथ लगी।

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंहभूम टर्मिनेटर्स की टीम ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 29.5 ओवर में पाँच विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। उद्घाटक बल्लेबाज रोहन जयसवाल ने नौ चौके की सहायता से 50 रनों की जिम्मेदारी भरी पारी खेली। बाद के बल्लेबाजों में सिद्धार्थ जयसवाल ने 23 तथा पियुष कुमार ने 19 रन बनाए। सबसे महत्वपूर्ण भूमिका नितीश कुमार एवं वैभव सेनगुप्ता ने निभाई। 130 रन 25वें ओवर में 130 रन के स्कोर पर पाँचवे विकेट के गिरने के बाद ऐसा लग रहा था कि सिंहभूम ब्लास्टर्स की टीम आसानी से मैच अपने नाम कर लेगी परन्तु इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 45 रनों की नाबाद साझेदारी निभाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। नितीश कुमार ने चार चौके की सहायता से नाबाद 35 रन तथा वैभव सेनगुप्ता ने एक चौका एवं एक छक्का की मदद से नाबाद 24 रन बनाए।
सिंहभूम ब्लास्टर्स की ओर से दिव्यांश यादव ने 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए। हिमांशु जारिका, रौशन सिंह यादव एवं कप्तान वासुदेव सुन्डी को एक-एक सफलता हाथ लगी।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सिंहभूम टर्मिनेटर्स के नितीश कुमार को उसके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम से झारखण्ड अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी साकेत कुमार सिंह ने प्रदान की।
कल इस प्रतियोगिता के अंतिम लीग मैच में सिंहभूम चैलेंजर्स का मुकाबला सिंहभूम फाईटर्स से होगा जबकि फाईनल मैच सोमवार 5 जनवरी को खेला जाएगा। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर फाईनल मैच के दिन ही जिला अंडर -16 टीम की घोषणा की जाएगी जो झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अंतर जिला अंडर -16 क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 15 जनवरी को हजारीबाग के लिए रवाना होगी।

