द्वितीय नथमल सिंघानिया जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता: चैलेंजर्स की लगातार दूसरी जीत
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सुशील कुमार सिंघानिया द्वारा प्रायोजित द्वितीय नथमल सिंघानिया जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए मैच में सिंहभूम चैलेंजर्स ने सिंहभूम टर्मिनेटर्स को तीन विकेट से पराजित कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही चैलेंजर्स के कुल आठ अंक हो गए हैं और फाइनल में पहुंचने की उनकी दावेदारी मजबूत हो गई है।


आज के मुकाबले में टॉस जीतकर सिंहभूम टर्मिनेटर्स के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टर्मिनेटर्स की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। कप्तान सोहम मैती ने पांच चौकों की मदद से 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। दूसरे सलामी बल्लेबाज पियुष कुमार ने छह चौकों की सहायता से 33 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। बाद में सिद्धार्थ जयसवाल ने नाबाद 31 और वैभव सेनगुप्ता ने नाबाद 29 रन बनाए। चैलेंजर्स की ओर से चिराग सिंकु को एक विकेट मिला, जबकि दो बल्लेबाज रन आउट हुए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंहभूम चैलेंजर्स की टीम ने कप्तान चिन्मय राय की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 29.2 ओवर में सात विकेट खोकर 183 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। चिन्मय राय ने सात चौके और एक छक्के की मदद से 69 रन बनाए। अभिनव महापात्र ने 22 रन और ओम प्रकाश महतो ने नाबाद 16 रनों का योगदान दिया। टर्मिनेटर्स की ओर से युवराज सिंह ने 45 रन देकर तीन विकेट और नितीश कुमार ने 26 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि सिद्धार्थ जयसवाल को एक सफलता मिली।
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में सिंहभूम चैलेंजर्स के कप्तान चिन्मय राय को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। यह पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश गुप्ता ने प्रदान किया।
प्रतियोगिता में कल सिंहभूम फाइटर्स और सिंहभूम ब्लास्टर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

