द्वितीय नथमल सिंघानिया जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता: सिंहभूम फाइटर्स बने विजेता, अभिनव सिंह और आशुतोष कुमार यादव ने किया शानदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंहभूम फाइटर्स ने निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट खोकर 315 रन बनाए। पारी की शुरुआत करने आए आशुतोष कुमार यादव ने 13 चौके और 2 छक्कों की मदद से 100 रनों की शतकीय पारी खेली। तीसरे नंबर पर आए अभिनव सिंह ने 16 चौके और 6 छक्के लगाकर 127 रन बनाए। कप्तान जिशान अहमद ने 26 और चंदन प्रसाद ने 23 रन योगदान दिया। सिंहभूम चैलेंजर्स की ओर से चिन्मय राय ने 41 रन देकर 2 विकेट, ओम महतो ने 44 रन देकर 2 विकेट और त्रिनाथ प्रधान ने 49 रन देकर 2 विकेट लिए।



जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सिंहभूम चैलेंजर्स की टीम 24.1 ओवर में 159 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। कप्तान चिन्मय राय ने 73 रन बनाए, जबकि अभिनव महापात्र ने 23 और त्रिनाथ प्रधान ने 12 रन जोड़े। फाइटर्स की ओर से आशुतोष यादव ने सबसे प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर 5 विकेट लिए।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव सौरभ तिवारी ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने के लिए अभिनव सिंह को मैन ऑफ द मैच, प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी दिया गया। त्रिनाथ प्रधान को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का पुरस्कार मिला।
इससे पहले पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ ने सौरभ तिवारी को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ का सचिव बनने पर सम्मानित किया। जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा और अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया।
महासचिव असीम कुमार सिंह ने उनके सम्मान में मानपत्र पढ़ा और उपहार स्वरूप भेंट किया।
यह मुकाबला युवा क्रिकेटरों के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक अवसर साबित होगा।

