एआईडीएसओ का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिला: झारखंड में विभिन्न शैक्षिक समस्याओं का समाधान करने की मांग
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) की झारखंड राज्य कमिटी ने आज राज्यपाल श्री संतोष गंगवार से मुलाकातa की। इस दौरान, संगठन ने बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म वार्षिकी और 125वीं शहादत वार्षिकी के अवसर पर प्रकाशित एक पुस्तक और कैलेंडर राज्यपाल को भेंट की।

मुलाकात के दौरान, झारखंड में विभिन्न शैक्षिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। एआईडीएसओ ने राज्यपाल के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखीं:
1. वर्ष 2016 के बाद से लंबित झारखंड शिक्षण पात्रता परीक्षा (JTET) का आयोजन तुरंत किया जाए।
2. सभी विश्वविद्यालयों में कुलपति, प्रति कुलपति और वित्त अधिकारी की नियुक्ति की जाए।
3. TGT/PGT के 8900 से अधिक सरेंडर किए गए पदों को पुनः बहाल किया जाए और शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।
4. कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत जेनेरिक और मेथड पेपर की परीक्षा आयोजित की जाए।
5. कोल्हान विश्वविद्यालय में एक साल पहले हुई PHD परीक्षा का रिजल्ट जल्द जारी किया जाए।
6. कॉलेजों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई जारी रखने और आंदोलनरत इंटरमीडिएट शिक्षकों और कर्मचारियों की मांगें पूरी की जाएं।
7. विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में गैर-शैक्षणिक पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाएं।
8. छात्र संघ चुनाव का आयोजन कराया जाए।
9. पहली कक्षा से आठवीं कक्षा तक पास/फेल प्रथा को फिर से शुरू किया जाए।
10. स्नातक और स्नातकोत्तर में नामांकन के लिए CUET की बाध्यता को खत्म कर सभी का नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
11. नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को रद्द किया जाए।
राज्यपाल ने इन सभी मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया और संबंधित विभागों के स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए इन विषयों को अग्रसारित करने का आश्वासन दिया। एआईडीएसओ ने बताया कि 6 मई को राजधानी रांची में मुख्यमंत्री के समक्ष छात्रों का एक विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव सोहन महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष जीवन यादव, प्रदेश सचिव मंडली सदस्य शुभम झा, विशेश्वर महतो और सत्येन मोंहन्ता शामिल थे।
