ई–कल्याण पर छात्रों का फूटा गुस्सा, रविवार को जमशेदपुर में होगी निर्णायक बैठक
झारखंड में ई–कल्याण छात्रवृत्ति की लंबी देरी को लेकर छात्रों में भारी नाराज़गी बढ़ती जा रही है। छात्र–छात्राओं का आरोप है कि सरकार की चुप्पी और प्रशासन की उदासीनता उनके भविष्य पर सीधा असर डाल रही है। इसी मुद्दे को लेकर फाइटर विंग जमशेदपुर ने रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।


यह बैठक 30 नवंबर 2025 को दोपहर 12 बजे को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में आयोजित की जाएगी। संगठन की ओर से बताया गया कि जमशेदपुर सहित आसपास के सभी कॉलेजों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में जुटेंगे। बैठक में छात्रवृत्ति आंदोलन की अगली रणनीति निर्धारित की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्यव्यापी प्रदर्शन, कैंडल मार्च, धरना–प्रदर्शन की संभावित तिथियों पर चर्चा होगी। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से दबाव बढ़ाने और सरकार को जवाबदेह बनाने की योजना भी तैयार की जाएगी।
छात्र संगठनों का कहना है कि छात्रवृत्ति जारी करने में अनावश्यक देरी से हजारों विद्यार्थी प्रभावित हैं। उनका कहना है, “सरकार की यह लापरवाही अब बर्दाश्त से बाहर है। यदि शीघ्र समाधान नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र होगा।”


