DC saraikelaNewsझारखण्डधर्मसरायकेला

ईचा मंदिर को पर्यटन हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम, प्रतिनिधि मंडल ने DC से की मुलाकात

 

 

श्री श्री रघुनाथ जी महाप्रभु मंदिर, ईचा को विकसित पर्यटन स्थल के रूप में तैयार करने को लेकर आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। कर्नल दिनेश कुमार सिंह देव, श्री राजेश्वर सिंह देव और चाउ गुरु तपन कुमार पटनायक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त सरायकेला–खरसावां से उनके कार्यालय में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान ईचा मंदिर कॉम्प्लेक्स में आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की मांग को विस्तार से रखा गया। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि मंदिर परिसर में बढ़ते टूरिस्ट फुटफॉल को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। इस संबंध में राजनगर BDO कार्यालय द्वारा 27 सितंबर 2025 को नोटिफिकेशन नंबर 1301 के माध्यम से विस्तृत प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा जा चुका है।

 

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने जमशेदपुर और चाईबासा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो स्वागत द्वार निर्माण का अनुरोध भी किया। जमशेदपुर की ओर से आने वाले पर्यटकों के लिए चालियामा रोड हेड पर और चाईबासा दिशा से आने वाले पर्यटकों के लिए बैंकसाई रोड हेड पर गेट निर्माण की मांग रखी गई। उपायुक्त ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि संबंधित टीम को जल्द ही स्थल निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा और प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया जाएगा।

 

बैठक में पर्यटन से जुड़े अन्य विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। चाउ गुरु तपन पटनायक द्वारा प्रस्तावित चाउ डांस और कल्चरल एक्सीलेंस सेंटर, रूरल आर्ट सेंटर की स्थापना को लेकर भी उपायुक्त के सामने सुझाव रखे गए। इसके अलावा एडवेंचर टूरिज्म, कल्चरल टूरिज्म, इको टूरिज्म, वॉटर स्पोर्ट्स, वेलनेस टूरिज्म और खरखाई रिवर फ्रंट डेवलपमेंट जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर भी बातचीत हुई। उपायुक्त ने इन सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए कहा कि टाटा फाउंडेशन समेत अन्य कॉर्पोरेट संस्थाओं और प्राइवेट पार्टियों को इन परियोजनाओं में शामिल करने के लिए बुलाया जाएगा और जिला प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करेगा।

 

बैठक के दौरान स्थानीय युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी चर्चा हुई। पर्यटन गाइड, फोटोग्राफर, टूर ऑपरेटर और बोट ऑपरेटर की ट्रेनिंग जिला पर्यटन पदाधिकारी की देखरेख में आयोजित करने पर सहमति बनी। उपायुक्त ने कहा कि इच्छुक युवाओं की सूची जिला पर्यटन कार्यालय को भेज दी जाए और आगामी कैंप या वर्कशॉप में उन्हें प्रशिक्षण का अवसर दिया जाएगा।

 

प्रतिनिधि मंडल की यह मुलाकात ईचा को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिला प्रशासन के सहयोग के आश्वासन के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में ईचा मंदिर और आसपास का इलाका एक आधुनिक और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में सामने आएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *