ईचा पैलेस में विदेशी मेहमान का भव्य स्वागत, फ्रांस की नागरिक ने देखी राजनगर की ऐतिहासिक विरासत
राजनगर (सरायकेला-खरसावां):


सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक ईचा गांव स्थित ईचा पैलेस में विदेशी अतिथि का भव्य और पारंपरिक स्वागत किया गया। फ्रांस देश की 75 वर्षीय नागरिक श्रीमती जिज़ेल बुसों (Giselle Busson) अपने भारत प्रवास के दौरान ईचा पहुंचीं, जहां उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया।
श्रीमती बुसों ने लगभग 250 वर्ष प्राचीन श्री रघुनाथ मंदिर, ईचा में दर्शन कर इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को नजदीक से जाना। उनके आगमन पर ईचा राजपरिवार की ओर से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें ईचा की समृद्ध परंपराओं से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान विदेशी अतिथि को ईचा चाव नृत्य भी दिखाया गया, जिसने उन्हें काफी प्रभावित किया। उन्होंने ईचा की लोकसंस्कृति, इतिहास और यहां की परंपराओं की खुलकर सराहना की। श्रीमती जिज़ेल बुसों ने कहा कि ईचा का इतिहास, मंदिर की प्राचीनता और यहां का सांस्कृतिक वातावरण अद्वितीय है। उन्होंने ईचा राजपरिवार के आतिथ्य को अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया।
विदेशी अतिथि की इस यात्रा से ईचा गांव की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर राजेश्वर सिंह देव, चऊ गुरु तपन पटनायक, बैधनाथ सिंह देव, जितेश सिंह देव एवं मलवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


