ईचागढ़ में देर रात हंगामा: अवैध बालू परिवहन पर झड़प, जेएलकेएम नेता पर हमला
ईचागढ़ में देर रात बड़ा बवाल हो गया जब डुमटांड मोड़ पर अवैध बालू परिवहन को लेकर जेएलकेएम नेता तरुण महतो और पुलिस टीम के बीच झड़प की स्थिति बन गई।


मंगलवार देर रात तरुण महतो को खबर मिली कि कई बालू लदे हाइवा बिना रोक-टोक खड़े हैं। जानकारी के बाद वे मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने आरक्षी नरेश यादव को अकेले वाहनों से जुड़ी एंट्री करते देखा। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस गाड़ियों की जांच के नाम पर देर रात कौन-सी एंट्री कर रही थी, इस पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। झड़प बढ़ने पर बालू कारोबारी भी पहुंच गए और माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
सूत्रों का दावा है कि स्थिति काबू से बाहर जाती देख पुलिस अधिकारियों ने भीड़ हटाने के लिए हवाई फायरिंग की, हालांकि पुलिस प्रशासन इस बात की पुष्टि नहीं कर रहा। घटना के बाद तरुण महतो समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि बालू लदे सभी वाहन रातों-रात गायब हो गए।
इस पूरे प्रकरण के बाद ईचागढ़ पुलिस की कार्यशैली और अवैध बालू परिवहन में संभावित मिलीभगत पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। अब स्थानीय लोग जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

