ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विधायक सविता महतो ने पांच पीसीसी सड़कों का किया उद्घाटन
ईचागढ़ : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने विधायक निधि से निर्मित पांच पीसीसी सड़कों का उद्घाटन किया। लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनी इन सड़कों का निर्माण क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कराया गया है।उद्घाटन के क्रम में विधायक ने काशीडीह, गुजरुटांड़, ईचाडीह, शीशी एवं कूदा गांवों में निर्मित पीसीसी सड़कों का लोकार्पण किया। इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। बेहतर सड़क व्यवस्था से गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्यों काबलु महतो, कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष कृत्तिवास महतो, पूर्व बीस सूत्री उपाध्यक्ष नवाकिशोर हांसदा, झारखंड आंदोलनकारी सह ग्राम प्रधान रमानाथ महतो, पंसस प्रतिनिधि युधिष्ठिर मांझी, सूर्यकांत महतो, हरिकृष्णा महतो समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




