एमबीएनएस समूह के संस्थानों ने आशीर्वाद वृद्धाश्रम में किया सामाजिक सेवा कार्यक्रम
जमशेदपुर (साकची): एमबीएनएस समूह के संस्थानों के शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को आशीर्वाद वृद्धाश्रम, साकची में एक सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान की निदेशिका श्रीमती अनुपमा सिंह उपस्थित थीं। उन्होंने वृद्धाश्रम के निवासियों से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य व सुख-शांति की कामना की। छात्रों ने इस अवसर पर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के बीच फलों और नाश्ते का वितरण किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने वृद्धाश्रम के निवासियों के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और उनसे अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संभावित समाधान पर चर्चा की।
निदेशिका श्रीमती अनुपमा सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का बोध कराते हैं। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों को इस पहल में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर संस्थान के कई छात्र-छात्राएं, फैकल्टी सदस्य और शिक्षा विभाग की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षा विभाग के प्रभारी और उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही।

