एमबीएनएस समूह में तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
जमशेदपुर: एमबीएनएस समूह के संस्थानों द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता–2025 का भव्य आगाज़ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन परिसर खेलमय वातावरण से सराबोर रहा, जहां छात्रों ने विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।


पहले दिन कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट एवं कबड्डी जैसी रोमांचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेलों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कैरम प्रतियोगिता में सालखान हेम्ब्रोम एवं अशिष बराइक ने उत्कृष्ट रणनीति और कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शतरंज प्रतियोगिता में स्मृति रानी ने सधे हुए और प्रभावशाली खेल के दम पर विजेता का खिताब अपने नाम किया।

बैडमिंटन सिंगल्स में शांड्या बेली और रितिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। इसके अलावा बैडमिंटन डबल्स मुकाबले में अशिष एवं प्रदीप कुमार महतो की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का परिचय देते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम में एमबीएनएस समूह के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह एवं निदेशक अनूपा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर खेल समन्वयक श्री राजेश्वर प्रसाद वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में खेल भावना विकसित करना तथा उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना है। आयोजन को सफल बनाने में सभी संकाय सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने कहा कि वार्षिक खेल प्रतियोगिता छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है, जहां वे अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करते हैं। वहीं निदेशक अनूपा सिंह ने कहा कि यह आयोजन छात्रों के लिए प्रेरणादायक और यादगार अनुभव सिद्ध होगा।
समारोह के अंत में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। संस्थान के प्रवक्ता ने बताया कि तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता आगामी दिनों में भी जारी रहेगी, जिसके समापन अवसर पर सभी खेलों के अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।

