JamshedpurNewsझारखण्ड

एमपी ज्वेलर्स में गिरवी सोने को लेकर विवाद, मामला जुगसलाई थाने पहुंचा

 

जमशेदपुर: जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान में गिरवी रखे गए सोने के गहनों को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद का मामला जुगसलाई थाना पहुंच गया है। ग्राहक ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि तय ब्याज दर से अधिक रकम मांगी जा रही है और गहने वापस करने में टालमटोल की जा रही है।

शिकायतकर्ता मनिंदर सिंह भाटिया, निवासी गर्ल्स स्कूल रोड, जुगसलाई ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कहा है कि उन्होंने आर्थिक तंगी के कारण वर्ष 2017 में अपनी पत्नी की दो सोने की चूड़ियां, जिनका कुल वजन 40 ग्राम बताया गया है, गिरवी रखी थीं। इसके एवज में उन्होंने दुकान संचालक से कुल 90 हजार रुपये उधार लिए थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि उस समय ब्याज दर 1 प्रतिशत तय हुई थी और वर्ष 2020 तक वे ब्याज की राशि भी जमा करते रहे।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2021 में दुकान जल जाने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई। अब जब वे पिछले कुछ महीनों से अपनी गिरवी रखी चूड़ियां वापस मांग रहे हैं, तो दुकानदार की ओर से अधिक रकम की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पहले 2.5 लाख रुपये मांगे गए, जबकि उनके अनुसार वास्तविक बकाया इससे काफी कम है।

मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने पुलिस से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, समाचार लिखे जाने तक ज्वेलरी दुकान संचालक का पक्ष सामने नहीं आ सका था।

इस घटना के बाद क्षेत्र में बिना औपचारिक वित्तीय व्यवस्था के गिरवी और ब्याज पर लेन-देन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *