एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग: लारसन क्लब ने सेरसा चक्रधरपुर को 107 रनों से हराया
प्रकाश कुमार गुप्ता
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 32वें एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग, 2025-26 के आज के मैच में गत वर्ष की चैंपियन टीम लारसन क्लब चाईबासा ने सेरसा चक्रधरपुर को एकतरफा मुकाबले में 107 रनों से मात दी। इस जीत के साथ लारसन क्लब ने पूरे चार अंक हासिल किए और चार मैचों में यह टीम की दूसरी जीत रही।


आज की जीत के साथ लारसन क्लब अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि सेरसा चक्रधरपुर एक पायदान खिसककर तीसरे नंबर पर आ गई है। वहीं यंग झारखंड चाईबासा की टीम तीनों लीग मैच जीतकर 12 अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार है और फाइनल में जगह बनाने की प्रबल संभावना बनाए हुए है।
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लारसन क्लब ने 35 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 257 रन बनाए। टीम की ओर से देवांश शुक्ला ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 76 रन बनाए। अक्षत पटेल ने 45, जन्मजय सिंह यादव ने 38, आदित्य आर्या ने 33 और सचिन भाटी ने नाबाद 25 रन बनाए। सेरसा चक्रधरपुर की ओर से कमल गोप ने 23 रन देकर 3 और दीपक सरला ने 46 रन देकर 2 विकेट लिए।
जवाब में 258 रनों का पीछा करने उतरी सेरसा की पूरी टीम 28 ओवर में 150 रन पर आल आउट हो गई। अमरेंद्र सामंता ने 38 और वीरेन उरांव एक्का ने 15 रन बनाए, जबकि बाकी कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुँच पाया। लारसन क्लब की ओर से वामहस्त स्पिनर फैजानुल रहमान ने 22 रन देकर 3 विकेट और विनय यादव ने 44 रन देकर 3 विकेट चटकाए। जन्मजय सिंह यादव और सत्यम सिंह को दो-दो सफलता मिली।
इस प्रतियोगिता में कल चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी का मुकाबला स्टूडेंट क्लब चाईबासा से होगा।

