एस० आर० रुंगटा ग्रुप सेमीफाइनल में, चाईबासा क्रिकेट क्लब को 5 विकेट से हराया
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के चौथे एवं अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एस० आर० रुंगटा ग्रुप ने चाईबासा क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबला बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान में खेला गया।


टॉस जीतकर एस० आर० रुंगटा ग्रुप के कप्तान अभिषेक कच्छप ने चाईबासा क्रिकेट क्लब को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 30 ओवर में छह विकेट पर 236 रन बनाए।
साकेत कुमार सिंह ने 10 चौके और चार छक्के की मदद से 89 रन बनाए। इससे पहले भी उन्होंने देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब के खिलाफ 95 रन बनाए थे। रोहित बरजो ने नाबाद 70 रन की पारी खेली। एस० आर० रुंगटा ग्रुप की ओर से विजय रोहित ने दो विकेट, जबकि नीतीश कुमार, अभिषेक कच्छप और मो० वसीम ने एक-एक विकेट लिया।
238 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एस० आर० रुंगटा ग्रुप ने 27.2 ओवर में पांच विकेट पर 238 रन बनाकर मैच जीत लिया। विजय रोहित ने 74 और कुलदीप मंडल ने 52 रन बनाए। राहुल महतो ने नाबाद 33, प्रीतम महतो ने 32 और विनय रजक ने 23 रन का योगदान दिया। चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से रोहित बरजो ने दो विकेट लिए, जबकि सत्यम सिंह, विकास रजक और दीपेश कुमार को एक-एक सफलता मिली।
अब सेमीफाइनल में एस० आर० रुंगटा ग्रुप का मुकाबला 16 फरवरी को सेरसा चक्रधरपुर से होगा। वहीं पहले सेमीफाइनल में एम० सी० सी० चाईबासा और चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी आमने-सामने होंगे।

