Newsझारखण्ड

एटीएम फ्रॉड मामले का खुलासा, बिहार से एक आरोपी गिरफ्तार

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जैन मार्केट स्थित केनरा बैंक के एटीएम से जुड़ी ठगी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। इसकी जानकारी आज शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। प्रेस वार्ता के दौरान सदर थाना प्रभारी सह डीएसपी तरुण कुमार और सब इंस्पेक्टर सुनील चौधरी भी उपस्थित थे।

 

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने बताया कि 14 दिसंबर 2025 को मुकु बारी, पिता स्वर्गीय मागों बारी, निवासी चिरची, थाना मंझारी, जिला पश्चिमी सिंहभूम एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान अज्ञात युवकों ने एटीएम मशीन में फेविक्विक लगाकर उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंसा दिया और बाद में कार्ड चोरी कर लिया। इसके बाद धोखाधड़ी कर कुल 1 लाख 54 हजार 390 रुपये की निकासी कर ली गई।

 

इस मामले में पीड़ित के आवेदन पर सदर थाना कांड संख्या 107/25, दिनांक 17 दिसंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)/318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

 

तकनीकी शाखा के सहयोग से सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने के बाद पुलिस ने इस कांड में शामिल एक आरोपी प्रिंस कुमार, उम्र 26 वर्ष, पिता सत्येंद्र कुमार, निवासी बलेया भनैल, थाना नेमदारगंज, जिला नवादा (बिहार), वर्तमान पता शिक्षक कॉलोनी वजीरगंज, थाना वजीरगंज, जिला गया (बिहार) को बिहार से गिरफ्तार किया।

 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर एटीएम मशीन में फेविक्विक लगाकर कार्ड फंसाया, पेचकस से कार्ड निकाला और एटीएम हेल्पलाइन नंबर का झांसा देकर ओटीपी प्राप्त कर दूसरे एटीएम से पैसे निकाले। आरोपी ने यह भी बताया कि वह बिहार से आकर झारखंड के अन्य इलाकों में भी एटीएम फ्रॉड की घटनाओं को अंजाम देता रहा है।

 

गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। घटना में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

प्रिंस कुमार, उम्र 26 वर्ष, पिता सत्येंद्र कुमार, निवासी बलेया भनैल, थाना नेमदारगंज, जिला नवादा (बिहार)।

जब्त सामान

एक आसमानी रंग का मोबाइल फोन (Samsung Galaxy A16)

एक सिल्वर स्लेटी रंग का KILLER कंपनी का XL साइज जैकेट, जिसे एटीएम से निकाले गए पैसे से खरीदा गया था।

 

आपराधिक इतिहास

प्रिंस कुमार पूर्व में अवैध शराब के कारोबार के मामले में गोविंदपुर थाना, नवादा (बिहार) से जेल जा चुका है।

छापामारी दल में शामिल पुलिसकर्मी

पुअनि सुनिल कुमार चौधरी, सदर थाना, चाईबासा

पुअनि चंद्रशेखर

पुअनि धनंजय सिंह

पुअनि अभय कुमार (तकनीकी शाखा) सहित सदर थाना के पुलिसकर्मी

 

चाईबासा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध से संबंधित सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *