LatestNewsNews postझारखण्ड

फर्जी पुलिस बनकर ठगी करने वाला गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): बुधवार को पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा को गुप्त सूचना मिली कि ताम्बो चौक के पास काले-हरे रंग की SP Shine मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति फर्जी पुलिस नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे हैं। ये लोग खुद को पदाधिकारी बताकर लोगों से पैसे की ठगी कर रहे हैं और उनके पास चोरी की मोटरसाइकिल भी है।

 

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टुंगरी पुल के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। 

 

मोटरसाइकिल पर दो लोग सवार थे। पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम रोशन एक्का, उम्र लगभग 38 वर्ष, पिता स्वर्गीय वरदान एक्का, निवासी महुलसाई (मटकमहातु), थाना मुफ्फसिल बताया। उसके साथ एक नाबालिग सनातन पाट पिंगुवा, उम्र लगभग 17 वर्ष, पिता देवेंद्र पाट पिंगुवा, निवासी मुरसाई, थाना मझगांव पाया गया।

 

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से एक नंबर प्लेट JH06Q 3520 बरामद की गई, जबकि मोटरसाइकिल पर पुलिस लोगो लगी फर्जी नंबर प्लेट JH06Q 8055 लगी हुई थी। रोशन एक्का के पास से एक चोरी का मोबाइल फोन तथा नाबालिग के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दो माह पूर्व नोवामुंडी थाना क्षेत्र के ग्राम डांगोवापोसी मुंडासाई निवासी विक्की कुमार गोप, पिता स्वर्गीय कैलाश गोप से खुद को CID इंस्पेक्टर बताकर ठगी की थी। वे व्हाट्सएप प्रोफाइल में वरीय पदाधिकारी की तस्वीर लगाकर भी लोगों को डराकर पैसे मांगते थे।

 

इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 13/2026 दिनांक 14.01.2026 धारा 205/319(2)/318(4)/338/336(3)/341(2)/317(2)/3(5) BNS 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

 

रोशन एक्का का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व कांड में सजायाफ्ता है।

 

छापामारी टीम में बहामन टुटी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा, विनोद कुमार, अरविंद कुमार शर्मा, रितेश कुमार सिंह एवं मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अपराध की सूचना नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *