Newsझारखण्डसरायकेला

गृह रक्षकों के 446 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, 3 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन

सरायकेला–खरसावाँ जिला प्रशासन ने झारखंड गृह रक्षा वाहिनी में ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के कुल 446 रिक्त पदों पर नव-नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार इन पदों में 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए निर्धारित है। आवेदन प्रक्रिया 3 दिसंबर से आरंभ होगी और 18 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।

 

अभ्यर्थियों को भर्ती पोर्टल recruitment.jharkhand.gov.in के माध्यम से आवेदन भरने के बाद उसका प्रिंटआउट और आवश्यक दस्तावेज निर्धारित तिथि तक जिला समादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी, सरायकेला–खरसावाँ कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।

 

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष (01 जनवरी 2025 के आधार पर) तय है। ग्रामीण गृह रक्षकों के लिए न्यूनतम योग्यता कक्षा 7 उत्तीर्ण, जबकि शहरी गृह रक्षकों के लिए मैट्रिक उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

 

चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और चिकित्सकीय परीक्षण शामिल रहेंगे। पदों का विस्तृत विवरण, आरक्षण मानदंड एवं आवश्यक दिशानिर्देश जिले की आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in तथा भर्ती पोर्टल पर उपलब्ध हैं।

 

जिला प्रशासन ने योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से आवेदन कर अपनी उम्मीदवारी सुनिश्चित करें। प्रशासन का कहना है कि भर्ती से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *