Newsझारखण्ड

गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच सिलेंडर लदा ट्रक पलटा, 360 सिलेंडर लेकर जा रहा था कोटशिला  

 

 

नीमडीह, 13 मार्च : क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की कमी के बीच शुक्रवार सुबह टाटा–पुरुलिया मुख्य मार्ग पर गैस सिलेंडर लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा नीमडीह थाना क्षेत्र के पाथरडीह स्थित एफडीआई गोदाम के समीप हुआ, जहां ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया।

जानकारी के अनुसार ट्रक गम्हरिया थाना मोड़ के पास स्थित इंडेन गैस फिलिंग सेंटर से करीब 360 रसोई गैस सिलेंडर लोड कर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत कोटशिला जा रहा था। ट्रक चालक सुकुमार सिंह ने बताया कि देर रात भोजन करने के बाद वह पाथरडीह के पास कुछ देर आराम करने के लिए रुके थे। सुबह जब वे वाहन लेकर आगे बढ़े तो ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसा और पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस की निगरानी में सिलेंडरों को सुरक्षित निकालने और वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।‌ स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही गैस सिलेंडर की कमी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *