Newsझारखण्ड

गालूडीह में जेएलकेएम कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

 

गालूडीह (घाटशिला):

घाटशिला अनुमंडल के गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़िया कॉलोनी गांव के समीप एनएच-18 फोरलेन किनारे सोमवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के कार्यकर्ता तारापदो महतो (41) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक उल्दा पंचायत की उप मुखिया आशा रानी महतो के पति थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारापदो महतो एनएच-18 के किनारे स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का संचालन करते थे। सोमवार शाम करीब आठ बजे मकर संक्रांति को लेकर सीएससी में ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरे युवक ने सीएससी के अंदर घुसकर तारापदो महतो पर सामने से गोली चला दी। गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गालूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

इधर, घटना के बाद पुतडू गांव निवासी परिजन मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर शव का पंचनामा करने से पुलिस को रोक दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया जाएगा। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।

बताया गया है कि तारापदो महतो विधानसभा उपचुनाव के दौरान जेएलकेएम में शामिल हुए थे और चुनाव के बाद स्थानीय स्तर पर उनका विवाद भी चल रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *