गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए गए निर्देश
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन मैदान, चाईबासा सहित जिले भर के सरकारी कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।


बैठक में बताया गया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउंड, चाईबासा में पूर्वाह्न 9:05 बजे आयोजित होगा, जहां राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग और परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
इसके अलावा आयुक्त कार्यालय और जिला परिषद कार्यालय तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय, चाईबासा में पूर्वाह्न 10:20 बजे, जिला समाहरणालय प्रांगण में पूर्वाह्न 10:50 बजे और भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय में पूर्वाह्न 11:45 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि गणतंत्र दिवस से पूर्व 24 जनवरी 2026 को जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 1 से 7 तक के बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता और कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए गणतंत्र दिवस आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के बाद विद्यालय स्तर पर ही विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं 25 जनवरी 2026 को जिला मुख्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम और 26 जनवरी 2026 को मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा।
बैठक के दौरान गणतंत्र दिवस समारोह में विभागों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियों के निर्माण के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही परेड संचालन, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, जिले भर में स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, माल्यार्पण, शहर के विभिन्न स्थानों पर तोरण द्वार निर्माण सहित अन्य तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा, सिविल सर्जन भारती गोरती मिंज, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पदाधिकारी जगन्नाथपुर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता, परिचारी प्रवर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

