गणतंत्र दिवस पर मंडल कारा चाईबासा में जेल अदालत, विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के तत्वावधान में स्थानीय मंडल कारा में जेल अदालत, विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर जेल अदालत का गठन न्यायिक दंडाधिकारी कृष्णा लोहरा की पीठ द्वारा किया गया। प्रस्तुत मामलों की सुनवाई के दौरान दो मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें दो बंदियों की रिहाई का आदेश दिया गया। जेल अदालत के माध्यम से त्वरित न्याय मिलने पर बंदियों में संतोष देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल कारा में निरुद्ध बंदियों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, जमानत संबंधी प्रावधानों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चिकित्सा जांच शिविर लगाया गया, जिसमें बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अक्षत श्रीवास्तव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी, रेलवे दंडाधिकारी मंजीत साहू, एलएडीसी के अधिवक्तागण, मंडल कारा के जेल अधीक्षक सुनील कुमार एवं संबंधित न्यायालय के कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बंदियों को न्याय और स्वास्थ्य दोनों का लाभ मिलता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य गणतंत्र दिवस के अवसर पर बंदियों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनके स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

