गढ़वा जिले के यूट्यूबर राजाराम प्रसाद को विशेष सम्मान, एसडीएम ने की ब्रांड एम्बेस्डर बनाने की घोषणा
गढ़वा जिले के रमना प्रखंड के रहने वाले यूट्यूबर राजाराम प्रसाद को “कॉफी विद एसडीएम” कार्यक्रम में विशेष सम्मान से नवाजा गया। एसडीएम संजय कुमार ने राजाराम का परिचय लोगों से कराया, तो पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। राजाराम ने अपने यूट्यूब चैनल Sikhe All In Hindi पर 3.7 मिलियन सब्सक्राइबर का आंकड़ा छू लिया है। वह सोशल मीडिया की दुनिया में एक बड़ा नाम बन चुके हैं और झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।


राजाराम ने महज आठ साल की उम्र में अपने पिता के लकवे का शिकार होने के बाद खुद कमाना शुरू किया। उन्होंने गर्दन में टोकरी लटकाकर गांव-गांव ब्रेड बेचने से लेकर प्ले स्टोर पर अपने दो ऐप्स लॉन्च करने तक का सफर तय किया। राजाराम ने अपने यूट्यूब चैनल पर मोबाइल, सोशल मीडिया ऐप्स, सरकारी योजनाओं और डिजिटल गाइड्स पर सरल भाषा में वीडियो बनाते हैं और अपने जीवन की कहानी साझा कर युवाओं को हौसला देते हैं।
एसडीएम संजय कुमार ने राजाराम की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे प्रयास करेंगे कि उन्हें गढ़वा का ब्रांड एम्बेस्डर बनाया जाए, ताकि वे अपने चैनल के ज़रिए सरकार की योजनाओं और ज़रूरी सूचनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा सकें।

