गढ़वा में रिश्वत कांड: 10 हजार की मांग साबित, राजस्व उप निरीक्षक
गढ़वा जिले में रिश्वतखोरी के आरोप में एक राजस्व कर्मचारी पर बड़ी कार्रवाई की गई है। उपायुक्त दिनेश यादव के निर्देश पर भंडरिया अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक शिवपत राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कदम 3 फरवरी को आयोजित जनता दरबार में मिली एक लिखित शिकायत के आधार पर उठाया गया।


शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मौजा जनेवा स्थित जमीन से संबंधित जांच रिपोर्ट अग्रसारित करने के बदले कर्मचारी ने 10 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने अपने आरोप के समर्थन में कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी थी। मामले की जांच अपर समाहर्ता द्वारा की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। बताया गया कि संबंधित कर्मचारी ने अपने स्पष्टीकरण में पैसे मांगने की बात स्वीकार की, जिसे सेवा नियमों का उल्लंघन माना गया।
झारखंड सरकारी सेवक नियमावली 2016 के तहत उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय खरौंधी अंचल कार्यालय निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें नियमित उपस्थिति दर्ज करनी होगी। साथ ही विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है।

