गढ़वा: मिथिलेश कुमार ठाकुर ने छठ महापर्व की तैयारियों का किया निरीक्षण, लोगों को दी शुभकामनाएं
गढ़वा जिले में छठ महापर्व की तैयारियाँ जोरों पर हैं। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और झामुमो केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने शनिवार को गढ़वा जिला मुख्यालय के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टूडेंट क्लब, फ्रेंडस क्लब, छठ सेवा समिति सहिजना समेत अन्य घाटों का भ्रमण किया और क्लबों के पदाधिकारियों से तैयारियों की चर्चा की।


ठाकुर ने कहा कि चार दिवसीय छठ महापर्व “नहाय खाय” से शुरू हो चुका है। गढ़वा के सभी क्लबों के सदस्य और पदाधिकारी तन, मन और धन से महापर्व के भव्य आयोजन में सहयोग कर रहे हैं। तैयारी लगभग 15 दिन पूर्व ही शुरू हो जाती है और लोग दिन-रात मेहनत कर कार्यक्रम को सफल बनाते हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि गढ़वा का छठ महापर्व न केवल झारखंड में बल्कि पूरे बिहार-झारखंड क्षेत्र में भव्य और बेहतर आयोजन के लिए प्रसिद्ध है। दूसरे राज्यों से भी लोग इसे देखने आते हैं।
क्लब सदस्य छठ व्रतियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए पूरा प्रयास करते हैं। ठाकुर ने सभी से छठ मईया और भगवान भाष्कर की कृपा बनाए रखने, राज्य और देश में अमन, चैन और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।
इस मौके पर समाजसेवी राकेश पाल, बिनोद जायसवाल, जितेंद्र सिन्हा, सुनील केषरी, जगजीवन बघेल, चंदन जायसवाल, आशीष अग्रवाल, कंचन साहु सहित सभी क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

