गेंगेरुली पंचायत में ग्राम सभा ने कुड़मालि भाषा को सर्वसम्मति से पारित किया, 21 पंचायतों में समर्थन
आज राजनगर प्रखंड अंतर्गत गेंगेरुली पंचायत भवन में आयोजित ग्राम सभा में उपस्थित सभी ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से कुड़मि समुदाय की भाषा कुड़मालि को पारित कर समर्थन दिया। इसी के साथ राजनगर प्रखंड के अंतर्गत कुल 21 पंचायतों ने कुड़मि समुदाय द्वारा बोली जाने वाली कुड़मालि भाषा को सर्वसम्मति से पारित किया।


ग्राम सभा में समाज की एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने पर चर्चा की गई। ग्रामवासियों ने कहा कि कुड़मालि भाषा उनकी परंपरा, संस्कृति और सामाजिक अस्तित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे आगे बढ़ाने के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर ग्राम सभा में दिलीप महतो, मुकेश महतो, छोटूलाल महतो सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस निर्णय का समर्थन किया और इसे समाज की भाषा-संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
ग्राम सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि यह निर्णय समाज को नई दिशा देने और अगली पीढ़ी तक अपनी भाषा व संस्कृति पहुँचाने में सहायक होगा।

