घाटशिला में सैकड़ों आदिवासियों ने थामा भाजपा का दामन, बोले – विकास केवल भाजपा से संभव
घाटशिला उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी लगातार मजबूत होती नजर आ रही है। शनिवार को गुड़ाबांधा प्रखंड के विभिन्न गांवों के सैकड़ों आदिवासी मतदाताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिनमें कई परंपरागत ग्राम प्रधान (मांझी बाबा) भी शामिल रहे। इन ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों तक उन्होंने झामुमो पर भरोसा किया, लेकिन क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी बनी रही।


भाजपा में शामिल हुए ग्रामीणों ने कहा कि घाटशिला के वास्तविक विकास के लिए अब बदलाव जरूरी है।
इस अवसर पर उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि भाजपा घाटशिला में ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि केवल भाजपा ही क्षेत्र का समग्र विकास कर सकती है।

चम्पाई सोरेन ने झामुमो सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठिए आदिवासी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने चाईबासा लाठीचार्ज की घटना को राज्य सरकार की बर्बरता बताया और कहा कि “सरकार आपकी, अत्याचार आपका, और दोष विपक्ष का – यह ढोंग अब नहीं चलेगा।”
कार्यक्रम में देश परगना सूरजू टुडू और वीर सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू ने भी भाग लिया। दोनों ने आदिवासी समाज से भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को समर्थन देने की अपील की।

