घाटशिला से बंगाल तक: युवा नेता विद्रोही विष्णु को JLKM की बड़ी जिम्मेदारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पार्टी ने बनाया पर्यवेक्षक


झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो के निर्देश पर केंद्रीय कार्यकारिणी की स्वीकृति के बाद 68 नेताओं को पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए पर्यवेक्षक (Observer) नियुक्त किया गया है।
इस सूची में झारखंड के सक्रिय युवा नेता विद्रोही विष्णु, जो कि JLKM युवा मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता भी हैं, को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जहां वे संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं के समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, घाटशिला उपचुनाव के दौरान विद्रोही विष्णु ने पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें पश्चिम बंगाल जैसे महत्वपूर्ण चुनाव में यह जिम्मेदारी सौंपी है।
बताया जाता है कि विद्रोही विष्णु बंगाल सीमा से सटे कुकड़ू प्रखंड के निवासी हैं, जिस कारण उन्हें बंगाल क्षेत्र की सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों की अच्छी समझ है। वे बंगला भाषा में भी प्रभावी और प्रखर भाषण देने के लिए जाने जाते हैं, जिससे पश्चिम बंगाल में पार्टी संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर विद्रोही विष्णु ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बेहतर परिणाम लाने के लिए कार्य करेंगे।
पार्टी नेताओं का मानना है कि इन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से पश्चिम बंगाल में JLKM के संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूती के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
*विद्रोही विष्णु (विष्णु पद महतो)*
केन्द्रीय प्रवक्ता, JLKM युवा मोर्चा


