घाटशिला उपचुनाव : झामुमो 15 अक्तूबर को करेगा प्रत्याशी का ऐलान
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज़ हो गई है। निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद अब सभी दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।


सूत्रों के मुताबिक, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 15 अक्तूबर को केंद्रीय समिति की बैठक बुलाई है, जिसमें प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। अनुमान है कि पार्टी दिवंगत विधायक रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन को उम्मीदवार बना सकती है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, घाटशिला सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 अक्तूबर से शुरू होगी और 21 अक्तूबर तक चलेगी।
झामुमो के वरिष्ठ नेता और महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने विश्वास जताया है कि पार्टी इस सीट पर दोबारा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा, “घाटशिला की सीट झामुमो की थी, है और रहेगी।”
इस बीच, राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी तेज है कि अब चुनाव की घोषणा हो जाने के बाद सोमेश सोरेन को मंत्री पद दिए जाने की संभावना समाप्त हो गई है। पहले यह उम्मीद की जा रही थी कि उन्हें उपचुनाव से पहले मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, जैसा कि डुमरी और मधुपुर उपचुनाव के दौरान हुआ था।
गौरतलब है कि पहले भी हाजी हुसैन अंसारी के निधन के बाद उनके पुत्र हफीजुल हसन और जगरनाथ महतो की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी बेबी देवी को चुनाव से पहले ही मंत्री बनाया गया था। हालांकि, इस बार ऐसा नहीं हो सका।

