Newsझारखण्ड

गिरिडीह: बच्चा चोरी के शक में युवक पकड़ा, ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर पुलिस को सौंपा

गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित काजीमगहा गांव में सोमवार को बच्चा चोरी की आशंका को लेकर बड़ी घटना सामने आई। ग्रामीणों का कहना है कि एक युवक गांव में घूमते हुए एक बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। बच्चे की हरकतों पर संदेह होने पर लोगों ने युवक को रोककर पूछताछ की, लेकिन वह घबरा कर मौके से भागने लगा। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और बिजली के खंभे से बांध दिया। इस दौरान भीड़ ने उसकी पिटाई भी कर दी।

 

सूचना मिलने पर जमुआ थाना पुलिस गांव पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कर थाने ले गई। पूछताछ में पता चला कि युवक की पहचान बिहार के मुंगेर जिले निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक युवक मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और बच्चे के परिजनों से भी बयान लिया जा रहा है, ताकि सच्चाई स्पष्ट हो सके।

 

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक का उद्देश्य क्या था और क्या किसी गिरोह से उसके संबंध हैं। प्रारंभिक जांच के बाद उसे छोड़ दिया गया, लेकिन मामले की जांच जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *