गिरिडीह में छठ पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 12 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में कोहराम
गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के तेलोडीह पंचायत अंतर्गत लोहपिट्टी गांव में छठ पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार सुबह अर्घ्य की तैयारी के बीच एक 12 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक मिर्जागंज का रहने वाला था और अपने नाना धूमडी साव के घर छठ पर्व मनाने आया हुआ था।


जानकारी के अनुसार, सुबह वह नहाने के लिए गांव के लच्छो अहरी तालाब में गया था। कुछ ही देर में वह गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। जब बच्चे की काफी देर तक कोई खबर नहीं मिली, तो परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। करीब आधे घंटे बाद ग्रामीणों ने बच्चे का शव बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इस हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। बच्चे की मां और नानी का रो-रो कर बुरा हाल है। छठ की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। ग्रामीणों ने बताया कि यह अहरी बहुत गहरी है और यहां पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।

