Newsझारखण्ड

गिरिडीह में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास के बाहर निषेधाज्ञा लागू, सहायक अध्यापक संघ के घेराव की तैयारी पर प्रशासन अलर्ट

गिरिडीह में नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास के बाहर प्रशासन ने 6 नवंबर तक निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह फैसला झारखंड सहायक अध्यापक संघ द्वारा घोषित घेराव कार्यक्रम के बाद लिया गया है। संघ ने 5 नवंबर को मंत्री के गिरिडीह स्थित आवास “उत्सव उपवन” का घेराव करने की घोषणा की थी। उनकी प्रमुख मांगें हैं — सहायक शिक्षकों का स्थायीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन।

 

संभावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। मुफ्फसिल थाना प्रभारी के अनुरोध पर मंत्री आवास के आसपास 500 मीटर क्षेत्र में BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। यह आदेश 4 नवंबर से 6 नवंबर तक यानी 72 घंटे तक प्रभावी रहेगा।

 

इस अवधि में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने या ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी।

एसडीएम श्रीकांत यशवंत विसपुते ने स्पष्ट किया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और सहयोग की अपील की है ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *