गिरिडीह से बड़ी खबर — नकली अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़
गिरिडीह पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई तिलकडीह पंचायत अंतर्गत पिपराडीह गांव में की गई, जहां एक घर में नकली अंग्रेजी शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन आरोपियों को मौके से रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपराडीह गांव में नकली शराब तैयार कर उसे बिहार भेजने की तैयारी हो रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ खोरीमहुआ के नेतृत्व में भेलवाघाटी और देवरी थाना की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी की।
छापेमारी में पुरा टुडू के घर से 62 वर्षीय पुरा टुडू, 40 वर्षीय प्रदीप मंडल और 20 वर्षीय सुलेन टुडू को शराब की बोतलों में भराई और पैकिंग करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अन्य सरगनाओं के निर्देश पर यह काम कर रहे थे।
मौके से भारी मात्रा में नकली शराब, खाली बोतलें, विभिन्न नामी ब्रांडों के स्टीकर, ढक्कन, पैकिंग सामग्री और एक बोलेरो वाहन जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

