LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

गिरिडीह: उसरी जलप्रपात बनेगा इको-टूरिज्म हब, 10 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास

गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध उसरी जलप्रपात को इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम पहल की गई है। शनिवार को नगर विकास, पर्यटन एवं खेलकूद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित परियोजना का शिलान्यास किया। यह जलप्रपात पूर्वी वन प्रमंडल क्षेत्र में स्थित है और अब तक स्थानीय लोगों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थल रहा है।

 

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के प्राकृतिक स्थलों को संरक्षित करते हुए पर्यटन के लिए विकसित करने पर जोर दे रही है। इस परियोजना के तहत उसरी जलप्रपात क्षेत्र में पार्किंग सुविधा, बच्चों के लिए खेल परिसर, वॉच टावर, पिकनिक जोन, आकर्षक प्रवेश द्वार, बैठने की व्यवस्था, गेस्ट हाउस और आधुनिक रेस्टोरेंट का निर्माण किया जाएगा। साथ ही सुरक्षा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि इस योजना से न केवल गिरिडीह को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। मंत्री ने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष तक परियोजना पूरी कर ली जाएगी।

 

शिलान्यास कार्यक्रम में जिला प्रशासन, वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *