गम्हारिया के गंजिया में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर पलटने से दो की मौत, तीन घायल
सरायकेला-खरसावां | गम्हारिया


सरायकेला जिले के गम्हारिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंजिया गांव के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार उज्जवलपुर से सामरोम की ओर जा रहा द्वारका प्रसाद महतो का ट्रैक्टर करीब शाम 4:30 बजे अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तेज झटके के कारण ट्रैक्टर पर सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में ट्रैक्टर चालक रामेश्वर हेम्ब्रम और फागू हंसदा की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ट्रैक्टर पर सवार तीन अन्य लोग इस हादसे में घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गंजिया टीओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की खबर फैलते ही मृतकों के गांव महतान डीह में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है, वहीं स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने की मांग की है।

