गोड्डा में IRCTC जॉब रैकेट का खुलासा, मास्टरमाइंड राकेश रौशन गिरफ्तार
गोड्डा पुलिस ने आईआरसीटीसी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में गोड्डा निवासी राकेश रौशन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 6 दिसंबर को रूपियामा गांव में छापेमारी के दौरान आरोपी को दबोचा। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक की-पैड मोबाइल, आईआरसीटीसी के नाम से तैयार फर्जी चेकलिस्ट और फर्जी एग्रीमेंट से जुड़े कई दस्तावेज बरामद हुए। इन कागजातों से यह स्पष्ट हुआ कि राकेश लंबे समय से नौकरी के नाम पर लोगों को ठग रहा था।


मामला तब सामने आया जब गोड्डा नगर क्षेत्र में कई लोगों ने सूचना दी कि उन्हें आईआरसीटीसी में नौकरी दिलाने का लालच देकर पैसे वसूले जा रहे हैं और एक फर्जी प्रशिक्षण केंद्र चलाया जा रहा है। सूचना मिलने पर गोड्डा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल बनाया गया और जिलेभर में अभियान चलाकर आरोपी को पकड़ा गया।
पुलिस पूछताछ में राकेश रौशन ने स्वीकार किया कि वह कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर यह फर्जीवाड़ा कर रहा था। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि इस रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान जारी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह के मामलों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।

