गोड्डा: महागामा जेवर दुकान चोरी का खुलासा, 6 गिरफ्तार; सोना-चांदी व बाइक बरामद
महागामा थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव में 22 फरवरी की रात हुई जेवर दुकान चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 2.7 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 800 ग्राम चांदी, चोरी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, एक सबल और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।


घटना के बाद मुकेश कुमार के निर्देश पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गोड्डा के हनवारा क्षेत्र के दो युवक तथा बिहार के भागलपुर और बांका के चार युवक शामिल हैं।
प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद हुआ। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच सख्त संदेश गया है।

