गोइलकेरा में अवैध लैब पर एसडीओ की कार्रवाई, कागजात और उपकरण जब्त
पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा में मंगलवार दोपहर चक्रधरपुर एसडीओ श्रुति राज ने एक अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब पर बड़ी कार्रवाई की। बिरसा टोली के पास मैन रोड स्थित लाडो डायग्नोसिस नामक इस सेंटर को बिना मान्यता के चलाया जा रहा था। एसडीओ की टीम ने मौके पर छापेमारी करते हुए लैब को सील कर दिया और वहां मौजूद सभी कागजात, सैंपल, जांच किट और अन्य उपकरण जब्त कर लिए।


जांच में सामने आया कि यह लैब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोइलकेरा के लैब टेक्नीशियन अजित प्रसाद द्वारा संचालित किया जा रहा था। साथ ही इसका कनेक्शन चक्रधरपुर स्थित एक पैथोलॉजी सेंटर से भी जुड़ा हुआ था। यह भी बताया जा रहा है कि यह लैब पहले भी विवादों में रहा है। दो महीने पहले ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि लैब संचालक अवैध वसूली कर रहा था और बिना मान्यता के दवाइयां भी दे रहा था, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया था।
इस ताजा कार्रवाई से इलाके के अवैध क्लीनिक और झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है। एसडीओ श्रुति राज ने स्थानीय प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जयश्री को निर्देश दिया है कि क्षेत्र में चल रहे अन्य संदिग्ध क्लीनिकों की जांच कर रिपोर्ट दें। कार्रवाई के दौरान गोइलकेरा बीडीओ विवेक कुमार, थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

