गुमला: डीसी प्रेरणा दीक्षित ने पैदल दौरा कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएँ, 60 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
गुमला जिले की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने जारी प्रखंड के जरड़ा पंचायत अंतर्गत नवाटोली स्थित मंगरूतला टोले का पैदल दौरा कर ग्रामीण समस्याओं का जायजा लिया। लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंचीं डीसी ने 28 परिवारों वाले इस सुदूरवर्ती क्षेत्र में खरवार एवं पीवीटीजी समुदाय की जरूरतों को सीधे सुना। कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों ने जन शिकायत दिवस में अपनी समस्याएँ बताई थीं, जिसके बाद उपायुक्त ने स्वयं निरीक्षण करने का निर्णय लिया।


दौरे से पहले सभी परिवारों का सर्वे कराया गया और आज विशेष शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड संशोधन, आधार अपडेट, स्वास्थ्य जांच, जाति–आय–आवासीय प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड, पेंशन योजना, बीज वितरण, पशुधन योजना आदि सुविधाएँ प्रदान की गईं। 60 से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला।
उपायुक्त ने आवागमन मार्ग का निरीक्षण कर डीएमएफटी फंड से तत्काल मोरम और पीसीसी कार्य कराने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक माह नियमित शिविर लगाने को कहा गया। पानी, बिजली, नेटवर्क, आंगनवाड़ी सेवाओं की समस्याओं पर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
महिलाओं से बातचीत में डीसी ने पोषण सुधार पर जागरूक करते हुए गांव में 30 से अधिक सहजन के पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि सभी परिवारों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

